आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़: महिला से चेन लूटने वाला लुटेरा के पैर में लगी गोली... बिहार भागने की फिराक में था आरोपी!



आजमगढ़। थाना सिधारी पुलिस ने पल्हनी क्षेत्र में हुई चेन लूट की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर लुटेरे को शुक्रवार सुबह मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा/मिसफायर कारतूस, लूटी गई चेन, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं उसका साथी पिंकेश फरार है, जिसकी तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।
3 नवंबर को महिला से छीनी गई थी चेन
3 नवंबर को थाना सिधारी के पल्हनी इलाके में एक महिला से सोने की चेन छीनने की वारदात हुई थी। इस प्रकरण में थाना स्थानीय पर मुकदमा अपराध संख्या 482/25, धारा 309(4) BNS के तहत केस दर्ज किया गया था। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
बिहार भागने की फिराक में था आरोपी
शुक्रवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट में शामिल एक आरोपी अवैध असलहा और लूटी गई चेन के साथ बाइक से बिहार भागने वाला है। इस पर प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह की टीम इटौरा (टेउखर) नहर पटरी के करनपुर पुल के पास चेकिंग कर रही थी। तभी काले-लाल रंग की पल्सर बाइक BR 31 AZ 3074 पर एक युवक आता दिखा, जो पुलिस को देखते ही भागने लगा और फिसलकर गिर पड़ा।
पुलिस पर किया फायर, जवाबी गोली से घायल
भागने के प्रयास में आरोपी ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर किया, जिससे उ0नि0 धर्मेंद्र शर्मा बाल-बाल बच गए। आरोपी का दूसरा फायर मिसफायर हो गया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित तरीके से जवाबी फायर किया, जिसमें गोली उसके पैर में लगी और वह गिर पड़ा।
शातिर लुटेरा निकला आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार उर्फ डिम्पल (35 वर्ष), निवासी सेठवल, थाना रानी का सराय के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह शातिर किस्म का अपराधी है और पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। वह अपने साथी पिंकेश (निवासी–खगड़िया, बिहार) के साथ मिलकर महिलाओं से गहने छीनने का काम करता था। पूछताछ में आरोपी ने पल्हनी में महिला से चेन लूटने की वारदात कबूल करते हुए बताया कि वह लूटी गई चेन का बँटवारा करने के लिए बिहार जा रहा था।
फील्ड यूनिट ने मौके से फिंगरप्रिंट, रक्तयुक्त मिट्टी और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य भी संग्रहित किए हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी पिंकेश की गिरफ्तारी के लिए टीमों की तैनाती की गई है और गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश जारी है।

Post a Comment

0 Comments