आजमगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र के कटात चक कटात गांव में गुरूवार की रात लगभग 9.30 बजे मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। भैंस को भगाने के विवाद में मोतीलाल राम और उनके पक्ष के लोगों द्वारा की गई मारपीट में 65 वर्षीय महिला धर्मा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, मोतीलाल राम की भैंस बंधन तोड़कर उनके बड़े भाई पतिराम की भैंस को मारने लगी। इस पर पतिराम की पत्नी धर्मा देवी ने डंडा मारकर मोतीलाल की भैंस को वहां से भगा दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो मारपीट में बदल गई। मोतीलाल राम के पक्ष के लोगों ने धर्मा देवी सहित अन्य पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इस घटना में धर्मा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मेंहनगर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहनगर भिजवाया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान रात 11.30 बजे उनकी मौत हो गई। मृतका का पति रोजी-रोटी के सिलसिले में दिल्ली में रहता है। थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने बताया कि मृतका के पुत्र सोनू ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मर्चरी हाउस भेज दिया है और मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
0 Comments