पशुधन मंत्री के दावों की खुली पोल... UP में सड़कों पर जानलेवा हुए सांड़!




मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने 2022 में घूम-घूम कर दावा किया था की 2023 में यूपी की सड़कों पर सांड़ नहीं दिखेगा। आवारा जानवरों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। मंत्री धर्मपाल के गृह जनपद बरेली में बुधवार सुबह सड़क पर टहलने निकले रिटायर्ड गन्‍ना प्रबंधक पर सामने से आए सांड ने हमला कर दिया। सांड ने 75 वर्षीय कृष्‍णानंद पांडेय को पटक पटककर मार डाला। उनकी मौत के बाद भी सांड डेड बॉडी पर सींग से प्रहार करता रहा। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों की हिम्‍मत नहीं पड़ी कि वे कृष्‍णानंद को सांड के चंगुल से बचा सकें। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसे देखकर लोग सिहर जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार संजय नगर के पास स्थित सेंट्रल स्‍टेट कॉलोनी में रहने वाले अक्षय पांडेय पीएनबी सिविल लाइंस ब्रांच में डिप्‍टी मैनेजर हैं। उनके पिता कृष्‍णानंद पांडेय पीलीभीत की शुगर मिल में गन्‍ना प्रबंधक पद पर रिटायर हुए थे। वह रोज सुबह घर से टहलने के लिए निकलते थे। इसी दौरान अचानक सामने से आए सांड़ ने उन पर हमला बोल दिया। सांड ने कृष्‍णानंद के पेट में अपनी सींग घुसा दी। इससे वह जमीन पर गिर गए। लगातार हमले में उनकी मौत हो गई। किसी तरह लोगों ने सांड को वहां से भगाया। बाद में रात को मोहल्‍ले वालों ने पीछा कर सांड को घेर लिया। नगर निगम की गाड़ी उसे लेने के लिए आई थी। नगर निगम के कर्मचारी सांड को गाड़ी में चढ़ा रहे थे, उसी समय गले पर रस्‍सी का फंदा कसने की वजह सांड़ की भी मौत हो गई।

इससे पहले 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का उद्घाटन था। उस लखनऊ से अयोध्या आते समय बीच रोड पर दो सांड़ लड़ रहे थे। मरे सांड़ को एनएचएआई और टोल कर्मचारियों ने उठा कर ठिकाने लगवाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दो सांड़ बीच सड़क पर लड़ रहे थे। इस बीच एक दूसरी पटरी पर तेज रफ्तार वाहन ने सांड़ को इतनी जोर से टक्कर मारा कि दूसरी साइड में आकर गिरा और मर गया। एनएचएआई के लोग और टोल कंपनी के कर्मचारियों ने सांड़ को आनन फानन में उठवा कर ठिकाने लगा दिया। चूंकि देश दुनिया के बहुत सारे वीआईपी उस दिन सुबह लखनऊ से अयोध्या जा रहे थे तो सांड़ की मौत पर हर कोई सरकार की थू-थू कर रहा था। इस लिये फटाफट उस पर परदा डाल दिया गया।

इससे पहले 15 जनवरी को कानपुर के बर्रा क्षेत्र में दो आवारा सांडों की लड़ाई में 16 साल का लड़का चपेट में आ गया। एक सांड ने उसे टक्कर मार दी। उसके सड़क पर गिरते ही एक सांड ने लड़के पर हमला कर दिया। हादसे के लोग दौड़े और घायल हो अस्पताल ले गए। वहां डॉ़क्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने सांड के हमले से जान गंवाने वाले लड़के के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।बर्रा विश्व बैंक के ई-ब्लॉक निवासी राजेश मिश्रा उर्फ बबलू एक प्लाईवुड की दुकान में नौकरी करते हैं। परिवार में पत्नी अनुपमा के अलावा दो बेटे कृष और राज मिश्रा (16) थे। पिता राजेश ने बताया कि राज रविवार को साइकिल से पास के बाजार में सब्जी लेने गया था। देर शाम करीब 6:30 बजे लौटते समय घर के पास ही दो सांड आपस में लड़ रहे थे। उसी दौरान अचानक दोनों सांड एक-दूसरे को दौड़ाने लगे। एक सांड राज की साइकिल से टकरा गया। इससे वह सड़क पर गिर गया। परिजनों के मुताबिक प्रत्यदर्शियों ने बताया कि राज के सड़क पर गिरने के बाद दूसरे सांड ने उस पर हमला कर दिया। एक-दो नहीं तीन बार उठाकर पटका।

इस संदर्भ में जब पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह से बात करने की कोशिश की गयी तो वह मोबाइल नहीं उठाये। मोबाइल उठाने वाले ने कहा अभी बात कराते हैं लेकिन उसके बाद न तो वह मोबाइल पिक किये न ही कोई जवाब दिये। अन्य श्रोतों से पता चला है कि आवारा पशु या सांड़ पकड़ने की तिथि 15 फरवरी तक बढ़ गयी है। इनको पकड़ने में कई विभागों की संयुक्त पहल से संभव होगा। सामंजस्य के अभाव में सांड़ पकड़ना टेढ़ी खीर बनी हुई है।

Post a Comment

0 Comments