पांच डिग्री के नीचे पहुंचा पारा, राहत के आसार नहीं... जाने सूबे में सबसे सर्द शहर कौन!



बरेली। बरेली में ठिठुरन का सिलसिला जारी है। गुरूवार को न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 4.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। एक सप्ताह में तीसरी बार ऐसा हुआ है कि जब बरेली की रात सूबे की सबसे ठंडी रात रही। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल, राहत के आसार नहीं हैं। आगे कोहरे का असर और बढ़ेगा। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री तो अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सर्द हवा और अधिकतम तापमान गिरने से धूप भी बेअसर रही। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यह सिलसिला अभी जारी रहेगा। तापमान में और गिरावट होगी। साथ ही कोहरे का असर भी दिखाई देगा।

एक सप्ताह में इस तरह लुढ़का पारा

तिथि अधिकतम न्यूनतम

08 दिसंबर 24.01 9.7

09 दिसंबर 23.00 7.8

10 दिसंबर 22.4 7.0

11 दिसंबर 21.8 5.5

12 दिसंबर 22.03 5.0

13 दिसंबर 22.03 5.5

14 दिसंबर 22.00 4.9

हीटर और गीजर से 50 मेगावाट का लोड बढ़ा

तापमान गिरने के साथ बिजली की खपत बढ़ गई है। सात दिन पहले पूरे जिले का लोड 300 मेगावाट था। अब बढ़कर 350 मेगावाट हो गया है। हालांकि अभी भी गर्मी के मुकाबले लोड 300 मेगावाट कम है। मई-जून की गर्मी में लोड 650 मेगावाट तक पहुंच गया था। मध्यांचल विद्युत वितरण खंड के मुख्य अभियंता रणविजय सिंह ने बताया कि नगरीय क्षेत्र में सात दिन के भीतर थोड़ा लोड बढ़ा है पर सिस्टम ओवरलोड नहीं हो रहे हैं। गर्मी के मुकाबले लोड बहुत कम है। आने वाले दिनों में लोड बढ़ सकता है। इसलिए सिस्टम को दुरुस्त कराया जा रहा है। विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता अमित आनंद ने बताया कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए नई लाइनें बनाने और क्षमता वृद्धि के काम कराए जा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments