औरैया। सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने इंडिया गठबंधन पर बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन 2024 के लिए बना है. उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव सपा इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर लड़ेगी। उन्होंने मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री बनाए गए मोहन यादव को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मोहन यादव मध्य प्रदेश संभालें और उत्तर प्रदेश हम संभाल लेंगे। पीडीए का मतलब समझाते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि अल्पसंख्यक, पिछड़ा और दलित है। सपा इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। लोकसभा चुनाव में सपा के सवाल पर कहा कि अब इंडिया गठबंधन चुनाव लड़ेगा। आनेवाले दिनों में सीट बंटवारे की तस्वीर साफ हो जाएगी। शिवपाल यादव निजी कार्यक्रम में औरैया पहुंचे थे। औरैया आगमन पर सपा कार्यकर्ताओं ने शिवपाल यादव का जोरदार स्वागत किया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर बीजेपी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। भ्रष्टाचार के साथ महंगाई का भी सितम लोगों को सहना पड़ रहा है। ओम प्रकाश राजभर के दावे पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश का होता है। शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री पूरी प्रदेश की जनता का हो जाता है। अखिलेश यादव भी मुख्यमंत्री रह चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने रात में अखिलेश यादव क्यों जाएंगे। मिलना होगा तो दिन में जाएंगे। बता दें कि ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लेते हुए चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव मुख्यमंत्री योगी से मदद मांगने रात में जाते हैं। ओम प्रकाश राजभर के आरोप का जवाब शिवपाल यादव ने दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से सभी लोग मिल सकते हैं।

0 Comments