छेड़छाड़ की सूचना पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने लाठी-डंडे से पीटा


हरदोइ। किशोरी से छेड़छाड़ की सूचना पर जांच पड़ताल के लिए पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने लाठी और डंडों से हमला कर दिया. हमले में तीन पुलिस कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को एक्स-रे के लिए सीतापुर भेजा गया है.

अरवल क्षेत्र के ग्राम मोर्चा रामनगर के विनोद ने गुरुवार की रात डायल 112 पुलिस को एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की सूचना दी. सूचना पर अरवल थाना की पीआरवी 2761 ड्यूटी पर तैनात सिपाही विमल बाबू, होमगार्ड रामवीर पीआरडी जवान धर्मपाल मौके पर पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. जिससे डायल 112 चालक समेत तीनों कर्मी घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही अरवल, हरपालपुर, लोनार, पाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई. क्षेत्राधिकारी हरपालपुर विनोद कुमार द्विवेदी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने थाने में तैनात उपनिरीक्षक धारा सिंह की तहरीर पर ग्राम मोर्चा रामनगर के महेंद्र, राकेश, अवधेश, सुभाष, पंकज, अंकित के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कर लिया है.

डायल 112 कर्मी हमले में घायल हो गए और तीनों कर्मी गांव के मनीराम के घर में घुस गए. कर्मियों ने मकान के अंदर से कुंडी लगा ली. हमलावर घायल कर्मियों को काफी देर तक खोजते रहे. घायल सिपाही विमल बाबू ने बताया कि वह लोग गांव पहुंचे तुरंत पुरुषों व महिलाओं ने चारों तरफ से घेर लिया, जब तक कुछ समझ पाता तब तक लाठी-डंडों से हमला बोल दिया. घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है. अरवल पुलिस कई आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. थाना प्रभारी छोटेलाल ने बताया कि हमलावरों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Post a Comment

0 Comments