आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के सिहुका अबीरपुर गांव के पास स्थित पुलिया के नीचे शुक्रवार की सुबह लापता अधेड़ की लाश मिलने से सनसनी फैल गई. तलाश में निकली अधेड़ की पत्नी को पुलिया के पास पड़े हुए चप्पल से शक होने पर पुलिया के नीचे देखी तो लाश की जानकारी हुई. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची. लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी. पुलिस का कहना है कि मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मृत अधेड़ रामलखन राम (50) पुत्र रघुवीर राम मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के सिहुका अबीरपुर गांव का निवासी था. गुरुवार की शाम को रामलखन घर से बाजार जाने के लिए निकले. रक्षाबंधन के अवसर पर जरुरी सामानों की खरीदारी करनी थी. देर शाम तक रामलखन अपने घर नहीं पहुंचा तो घर वाले उसे खोजने लगे. काफी प्रयास के बावजूद कोई पता नहीं चला. परिवार के लोग रातभर रामलखन की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे. शुक्रवार की सुबह रामलखन की तलाश में उसकी पत्नी उषा देवी रास्ते से होकर मेहनाजपुर बाजार की तरफ जाने वाले मार्ग पर चली.
इस दौरान घर से महज दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक पुलिया के पास रामलखन का चप्पल पड़ा हुआ था. पुलिया के पास पति का चप्पल देखने के बाद उषा देवी ने झांककर पुलिया के नीचे देखा तो उसकी लाश पड़ी हुई थी. पति की लाश देख पत्नी दहाड़े मारकर रोने लगी. घटना की जानकारी होने पर काफी संख्या में लोग जुट गए. सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची. लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी. रामलखन राम तीन भाईयों में सबसे छोटे थे. वह एक बेटी और दो बेटों के पिता थे. घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

0 Comments