पुलिस ने मकान मालिक आशीष खरे को गिरफ्तार कर लिया। उसके कमरे से कंप्यूटर, नौ हार्ड डिस्क, डिजिटल वीडियो रिकार्डर समेत तमाम आपत्तिजनक चीजें बरामद हुईं। उसने छह डायरियों में अलग अलग सैकड़ों लड़कियों के नंबर लिखे थे। एक डिब्बे में करीब 100 से अधिक लड़कियों की पासपोर्ट साइज फोटो भी रखे थे। सीओ समेत तमाम अधिकारियों ने आशीष से पूछताछ की। एसपी सिटी दिनेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने उस टेक्नीशियन की भी तलाश कर रही है जिसने शावर में कैमरा फिट किया था। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। बरामद कंप्यूटर, हार्ड डिस्क तथा अन्य चीजों को सील कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
पुलिस को आशंका है कि इतने सारे वीडियोज के माध्यम से आशीष कहीं लड़कियों को ब्लैकमेल तो नहीं कर रहा था। यह भी आशंका है कि वह इन वीडियोज को ग्रे मार्केट में भी बेच सकता है। पुलिस ने दोनों आशंकाओं के आधार पर आशीष खरे से पूछताछ की। उसके मोबाइल को भी चेक किया गया। आशीष ने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसी ने शावर में कैमरा लगवाया था लेकिन उसने वीडियो कहीं भी नहीं बेचा। न ही किसी लड़की को ब्लैकमेल किया। वह वीडियोज को खुद ही देखता था। पुलिस ने लड़कियों से भी बात की। बुरी तरह से डरी हुई लड़कियों ने बताया कि उन्हें इस बात की कल्पना भी नहीं थी कि आशीष ऐसी गिरी हुई हरकत कर सकता है।

0 Comments