ईवीएम स्ट्रांग रूम की निगरानी बढ़ा दें, न होने पाए कोई गड़बड़ीः अखिलेश


लखनऊ। समाजवार्दी पार्टी के राष्टीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा गठबंधन के सभी प्रत्याशियों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वो ईवीएम स्ट्रांग रूम की निगरानी बढ़ा दें जिससे कोई गड़बड़ी न होने पाए।

सपा मुखिया ने किया ट्वीट
इस पर अखिलेश यादव ने ट्वीट किया कि लखनऊ में सभी के लिए प्रतिबंधित ईवीएम स्ट्रांग रूम में एक सरकारी अधिकारी के घुसने का प्रयास बेहद गंभीर मामला है। सपा-गठबंधन के सभी प्रत्याशियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील है कि वो सभी जगह ईवीएम स्ट्रांग रूम की निगरानी बढ़ा दें। जब तक गिनवाई नहीं-तब तक ढिलाई नहीं!


सरकारी गाड़ी से मिले थे हथौड़ी छेनी व प्लायर

रमाबाई अंबेडकर मैदान में बने मतगणना स्थल पर बने स्ट्रांग रूम परिसर में सोमवार को उस वक्त हंगामा मच गया जब मध्य विधानसभा सीट के रिटर्निंग अफसर गोविंद मौर्या की सरकारी गाड़ी में हथौड़ी, छेनी, ताले, प्लायर निकल आए। इस पर सपा व अन्य राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए दो घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया।

ईवीएम से नहीं हुई कोई छेड़छाड़

घटना की सूचना पर मध्य सीट से सपा प्रत्याशी रविदास मेहरोत्रा भी पहुंच गए। डीएम व जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक प्रकाश ने बताया कि कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है। संबंधित अधिकारी को चेतावनी देने के साथ स्पष्टीकरण मांगा गया है। यह भी बताया कि प्रत्याशियों को स्ट्रांग रूम परिसर का निरीक्षण करा दिया गया है। सभी अंदर की सुरक्षा व्यवस्था से संतुष्ट हैं।

Post a Comment

0 Comments