चंडीगढ़। आम आजमी पार्टी ने पंजाब में भगवंत मान को अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने पंजाब में आम आदमी पार्टी का सीएम फेस कौन होगा, इसे लेकर राय ली थी। इस 21 लाख से ज्यादा लोगों ने अपनी राय दी है और पहली पसंद भगवंत मान को बताया। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने उनके नाम का ऐलान किया। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब भगवंत मान का नाम लिया तो जमकर ढोल बजने लगे और इस दौरान भगवंत मान के तमाम समर्थक भावुक हो गए। उन्होंने कहा, ’आज पंजाब के लिए ऐतिहासिक दिन है। पंजाब में आम आदमी पार्टी का सीएम चेहरा कौन होना चाहिए, इसका हर पंजाबी को बेसब्री से इंतजार था। कई महीनों से लोग यही सवाल पूछते थे। मैंने एक ऐसा चेहरा देने के बात कही थी जिस पर हर पंजाबी को गर्व होगा। हमने सीएम चेहरा ढूंढने के लिए अलग प्रक्रिया की। दूसरी पार्टियां बेटे-बहू को सीएम का चेहरा बनाती हैं। मैं भगवंत मान को चेहरा घोषित कर देता, तो लोग भाई भतीजावाद का आरोप लगाते। क्योंकि मान मेरे भाई जैसे हैं। हमने एसएमएस मंगाए। 21 लाख 59 हजार लोगों ने मेसेज भेजे। कई ने मेरा नाम डाल दिया। उनको हटाकर 93 प्रतिशत लोगों ने भगवंत मान का नाम लिया।
पहली बार 2014 में चुने गए सांसद
भगवंत मान 2014 से आम आदमी पार्टी के लोकसभा सदस्य हैं। मई 2014 में भगवंत मान पंजाब के संगरूर निर्वाचन क्षेत्र से सांसद चुने गए थे। उसके बाद वह 17वीं लोकसभा में लगातार दूसरी बार संगरूर लोकसभा सीट से सांसद बने।
लॉफ्टर चैलेंज से हुए काफी मशहूर
भगवंत मान के घर का नाम जुगनू है। वह फेमस पंजाबी कॉमेडियन भी रह चुके हैं। लॉफ्टर चैलेंज से वह काफी मशहूर हुए। भगवंत मान का जन्म 17 अक्टूबर 1973 को पंजाब के संगरूर जिले के सतोज गांव में हुआ था। उन्होंने संगरूर के एसयूएस कॉलेज से बीकॉम किया है। भगवंत मान की शादी इंद्रप्रीत कौर से हुई थी हालांकि 2015 में दोनों अलग हो गए। दोनों के दो बच्चे हैं। एक इंटरव्यू में भगवंत मान ने खुद बताया था कि वह राजनीति के चक्कर में अपने परिवार को समय नहीं दे पाते थे, इसलिए उनकी पत्नी और वह सहमति से अलग हो गए।
2012 में लहरा विधानसभा सीट से मिली थी हार
भगवंत मान ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत मनप्रीत सिंह बादल की पार्टी पंजाब पीपल्स पार्टी से की थी। वह 2012 में लहरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे लेकिन हार गए। बाद में मनप्रीत कांग्रेस में शामिल हो गए और भगवंत मान आम आदमी पार्टी में आ गए।
0 Comments