वाराणसी। सपा के साथ गठबंधन कर यूपी चुनाव में उतरी सुभासपा (सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के खिलाफ मैदान में उतर सकते हैं। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर वाराणसी की शिवपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। ओमप्रकाश राजभर के भाजपा से अलग होने के बाद से अनिल राजभर को ही पार्टी प्रमोट करती रही है।
योगी सरकार की तरफ से अनिल राजभर ही हमेशा ओमप्रकाश राजभर पर हमलावर भी रहते हैं। ऐसे में अगर ओमप्रकाश राजभर शिवपुर से उतरते हैं तो वाराणसी की शिवपुर हॉट सीट हो जाएगी। यहां का मुकाबला भी बेहद रोमांचक हो जाएगा। अनिल और ओमप्रकाश एक-दूसरे पर कई आरोप लगाते रहे हैं। ओमप्रकाश राजभर तो यहां तक दावा करते रहे हैं कि 2017 में उनकी वजह से अनिल राजभर को राजभर समाज का वोट मिला और विधायक बने। अगर दोनों में मुकाबला होता है तो ओमप्रकाश राजभर के दावों की हकीकत भी सामने आ जाएगी।
शिवपुर सीट से मौजूदा विधायक अनिल राजभर
2017 में अनिल राजभर पहली बार विधायक चुने गए थे। इस बार भी भाजपा प्रत्याशी के तौर पर शिवपुर विधानसभा से अनिल राजभर का चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। सुभासपा के प्रदेश प्रवक्ता शशि प्रताप सिंह के अनुसार शिवपुर विधानसभा में विकास कार्य न के बराबर हुए हैं। सुभासपा कार्यकर्ताओं की मांग है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर इस बार शिवपुर विधानसभा से ही चुनाव लड़ें।
कैबिनेट मंत्री से ओमप्रकाश राजभर ने दिया था इस्तीफा
बलिया जिले के रसड़ा विकास खंड के रामपुर गांव के मूल निवासी ओम प्रकाश राजभर 2017 के विधानसभा चुनाव में गाजीपुर जिले की जहूराबाद विधानसभा से विधायक चुने गए थे। भाजपा सरकार में वह कैबिनेट मंत्री भी बने, लेकिन बाद में उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। पूर्वांचल में सुभासपा अध्यक्ष की सक्रियता लगातार बनी रही। शशि प्रताप सिंह ने कहा कि हमारे नेता वाराणसी से चुनाव लड़ेंगे तो एक बड़ा संदेश जाएगा और यहां के कार्यकर्ता भी उत्साहित रहेंगे। पूरी उम्मीद है कि सुभासपा अध्यक्ष अपने कार्यकर्ताओं की इच्छा का सम्मान करेंगे।
सपा-सुभासपा की बनेगी सरकार
शशि प्रताप सिंह ने बताया कि समाजवादी पार्टी से गठबंधन के तहत वाराणसी में सुभासपा को 2 सीट मिलना लगभग तय है। इसमें से एक अजगरा और दूसरी शिवपुर है। शशि प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा के झूठ और महंगाई से जनता त्रस्त हो गई है। इसलिए इस बार सपा और सुभासपा गठबंधन की सरकार बनना तय है। समाज के सभी वर्ग के लोगों का समर्थन सुभासपा और सपा अध्यक्ष को मिल रहा है। बताया कि सुभासपा और सपा गठबंधन के प्रत्याशियों की घोषणा जल्द ही होगी।
0 Comments