दोस्तों ने दूल्हे को पिला दी शराब और टूट गई शादी!




आगरा। फतेहाबाद मार्ग स्थित ऑर्चिड फार्म में बारात आई थी। बारात के दौरान दूल्हे ने दोस्तों के कहने पर दो पैग लगा लिए। दरवाजे पर बारात पहुंची तो दूल्हे को चक्कर आ गया। लड़की पक्ष को लगा कि उसे मिर्गी के दौरे पड़ते हैं। इस बात को लेकर शादी टूट गई। दुल्हन पक्ष ने बारात को बंधक बना लिया। देर रात तक तनावपूर्ण माहौल को पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया। ताजगंज पुलिस के अनुसार एक पक्ष सदर और दूसरा पक्ष शाहगंज क्षेत्र का निवासी है। वैश्य परिवार की शादी थी। बारात में दूल्हे के दोस्तों ने दूल्हे को दो पैग लगवा दिए। दूल्हा पीता नहीं है। दारू चढ़ गई। दरवाजे पर दूल्हे को चक्कर आ गए। वह गिर पड़ा। यह देख दुल्हन पक्ष घबरा गया। हल्ला मच गया कि दूल्हे को मिर्गी के दौरे आते हैं। दूल्हे पक्ष ने यह बात छिपाई है। बात बिगड़ गई। कन्या पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। बाराती लौटते इससे पहले कन्या पक्ष ने अपने लोगों को प्रवेश द्वार पर खड़ा कर दिया। बारातियों को वापस न लौटने की हिदायत दी गई। रात के 12 बज गए। बाराती घबरा गए। उन्होंने चोरी छिपे अपने परिचितों को व्हाट्स एप मैसेज भेजे। किसी को फोन करने की अनुमति नहीं दी। सूचना पर ताजगंज पुलिस पहुंची। दोनों पक्षों में पंचायत कराई। दुल्हन पक्ष 25 लाख रुपये की डिमांड कर रहा था। दूल्हा पक्ष 12 लाख रुपये देने को तैयार हो गया था। रात दो बजे तक पंचायत में कोई नतीजा नहीं निकला। पुलिस ने बीच का रास्ता खोजा। कहा कि दो दिन का समय दिया जाए। बात नहीं बनेगी तो तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दुल्हन पक्ष शांत हुआ। बारातियों को जाने दिया। शादी नहीं हो सकी। बारात बैरंग ही लौट गई।

Post a Comment

0 Comments