किसानों को आधुनिक तकनीक के साथ पारंपरिक खेती का ज्ञान भी अपनाना चाहिए : घनश्याम पटेल

पीएम-किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी होने पर कृषि विज्ञान केंद्र कोटवा में किसान उत्सव दिवस का आयोजन, जिले के 6.48 लाख से अधिक किसानों को मिली सम्मान निधि




आजमगढ़, 30 अक्टूबर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी होने के अवसर पर शुक्रवार को कृषि विज्ञान केंद्र, कोटवा में किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री घनश्याम पटेल ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों के साथ पारंपरिक खेती के ज्ञान को भी अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और प्राचीन कृषि पद्धतियों के समन्वय से खेती को अधिक टिकाऊ, उन्नत और लाभकारी बनाया जा सकता है।
घनश्याम पटेल ने कहा कि कृषि क्षेत्र को समृद्ध बनाने के लिए किसानों को वैज्ञानिक पद्धतियों और आधुनिक तकनीकों के प्रति जागरूक होना होगा। इसके साथ ही पारंपरिक एवं प्राचीन कृषि ज्ञान को संरक्षित रखना भी जरूरी है। खेती में दोनों का संतुलित उपयोग किसानों की उत्पादकता और आय बढ़ाने में सहायक हो सकता है।
इस अवसर पर जिले के 6 लाख 48 हजार से अधिक किसानों को पीएम-किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त का लाभ मिला। कार्यक्रम में किसानों ने किस्त जारी होने के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना। किसानों ने योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता को कृषि कार्यों में उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।
उप कृषि निदेशक आशीष कुमार ने किसानों को कृषि की नवीनतम वैज्ञानिक तकनीकों, प्राकृतिक एवं पारंपरिक खेती, फसल विविधीकरण और मृदा स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से नवीन कृषि पद्धतियां अपनाने और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।किसान उत्सव दिवस के तहत जिले के सभी विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनका उद्देश्य किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों और आधुनिक तकनीकों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश यादव, उप कृषि निदेशक आशीष कुमार, जिला कृषि अधिकारी सदानंद चौधरी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी हिमांचल सोनकर, भूमि संरक्षण अधिकारी हरिराज सिंह सहित कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, अधिकारी-कर्मचारी, किसान और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments