यूपी में वोटर बनने का मौका... 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप!

सुबह 10 से शाम चार बजे तक बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, नए मतदाता बनने के लिए भरना होगा फार्म-6


लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार वोटर बनने वाले युवाओं के लिए 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर आयोजित इन कैंपों के माध्यम से नए मतदाताओं का पंजीकरण किया जाएगा।
विशेष कैंप के दिन बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। यहां मतदाता पंजीकरण के लिए फार्म-6 उपलब्ध कराया जाएगा। आवेदन के साथ नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे।
हेल्प डेस्क पर मिलेगी मदद
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। यहां नागरिकों को फार्म-6 भरने और पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। जमा किए गए सभी फार्मों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर निरीक्षण और पर्यवेक्षण करने वाले अधिकारियों को उपलब्ध कराया जा सके।
अभियान की होगी निगरानी
विशेष कैंपों के प्रचार-प्रसार के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया का सहारा लिया जाएगा। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों को भी कैंपों की तिथियों की जानकारी दी जाएगी। कैंपों के चयनित फोटो और वीडियो जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट तथा आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर अपलोड किए जाएंगे।
अभियान की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी करेंगे। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी संबंधित विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों का भ्रमण करेंगे। इसके अलावा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी कैंपों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
निर्वाचन विभाग का उद्देश्य मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम शामिल करना और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को पंजीकरण का अवसर उपलब्ध कराना है। पात्र नागरिक निर्धारित तिथियों पर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर पंजीकरण संबंधी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments