बिजनौर। जिले में शादी समारोह में डीजे बजाने से नाराज मौलवी ने निकाह पढ़ाने से इनकार किया तो दुल्हन पक्ष के लोगों ने मौलवी के घर धावा बोल दिया। साथ ही लोगों ने मौलवी की जमकर लाठी-डंडों से पिटाई कर दी और परिवार को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। मारपीट में महिला सहित कई लोग जख्मी हो गए हैं जिन्हें सीएचसी भर्ती करा दिया गया है। वहीं एक की हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

पीड़ित घायल मौलवी के परिवार वालों ने थाने में तहरीर दे दी है। दरअसल, बिजनौर के बास्टा इलाके के रहने वाले मौलवी के साथ इस घटना को अंजाम दिया गया। शादी समारोह के दौरान डीजे बज रहा था। मौलवी ने डीजे बजने पर नाराजगी जताते हुए निकाह कराने से इंकार कर दिया। कई घण्टे तक मौलवी की मिन्नतें की गई लेकिन मौलवी ने निकाह नही पढ़ाया और शादी समारोह से बिन निकाह पढ़ाए चले गए।

मौलवी साहब के निकाह न पढ़ाने के बाद दूल्हा दुल्हन पक्ष निकाह कराने को लेकर परेशान हो गए और दूसरे मौलवी को बुलाया गया और पहले मौलवी ने दूसरे वाले के कान भर दिए जिसके बाद दूसरा मौलवी भी उल्टे पांव भाग खड़ा हुआ। इधर बारात भी निकाह को लेकर 5 घण्टे लेट हो गई। बामुश्किल जैसे तैसे निकाह तीसरे मौलवी ने पढ़ाया। इसी बात को लेकर बारात जाने के बाद दुल्हन पक्ष के लोगों ने मौलवी के घर मे धावा बोल दिया और जमकर लाठी डंडे चले। इसमें महिला सहित कई लोग घायल हुए हैं। सभी का सीएचसी में इलाज चल रहा है और एक की हालत को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।