मैनपुरी। जिले के विकास खंड किशनी की ग्राम पंचायत अरसारा के ग्राम प्रधान को जिला मजिस्ट्रेट ने पदच्युत (पद से हटाना) कर दिया है। यह कार्रवाई प्रधान द्वारा फर्जी जाति प्रमाण पत्र से चुनाव लड़ने के मामले में की गई है। ऐसे में एक बार फिर ग्राम पंचायत अरसारा में ग्राम प्रधान पद के लिए चुनाव कराया जाएगा। चुनाव आयोग को भी इसकी सूचना भेजी गई है।
बीते वर्ष संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत अरसारा से राजेश बाबू को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट पर प्रधान चुना गया था। बाद में उनका जाति प्रमाण पत्र फर्जी होने की शिकायत की गई थी। शिकायत पर जिला स्क्रूटनी कमेटी की सुनवाई के बाद तत्कालीन जिला मजिस्ट्रेट महेंद्र बहादुर सिंह ने संबंधित अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र निरस्त कर दिया था। इसके बाद ग्राम प्रधान ने राज्य स्क्रूटिनी कमेटी में अपील की थी। लेकिन यहां भी कमेटी ने जिला स्तरीय कमेटी के निर्णय को बरकरार रखा। इसी के चलते उप जिलाधिकारी किशनी ने ग्राम पंचायत अरसारा में सत्र शून्य करने की संस्तुति भेजी थी।
इसी संस्तुति के आधार पर मंगलवार को जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कृष्ण सिंह ने ग्राम प्रधान अरसारा राजेश बाबू को पदच्युत कर दिया। राज्य स्क्रूटिनी कमेटी ने ग्राम प्रधान अरसारा राजेश बाबू का अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र निरस्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के भी आदेश दिए थे। इसके चलते दो दिन पहले तहसीलदार किशनी कमल कुमार की तहरीर पर किशनी पुलिस ने राजेश बाबू समेत तीन के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली है।

0 Comments